नई दिल्ली: कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय और वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में देशभर में शनिवार को कारगिल विजय दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को नमन किया।
पीएम मोदी ने वीर जवानों को किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कारगिल विजय दिवस भारत की सुरक्षा के लिए वीर सैनिकों के असाधारण साहस और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी भारतीय जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया, जो हमेशा राष्ट्रीय गौरव का स्रोत रहेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि शूरवीरों की अटूट देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
अमित शाह बोले- ऑपरेशन विजय ने दुश्मन को झुकने पर किया मजबूर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और अद्भुत पराक्रम का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में हिमालय की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर विषम परिस्थितियों और दुश्मन की ऊंची चौकियों के बावजूद भारतीय सेना ने ऑपरेशन विजय के माध्यम से दुश्मन को पराजित कर देश की अखंडता की रक्षा की।
अमित शाह ने कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शौर्य को किया याद
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कारगिल विजय दिवस पर सभी शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के प्रति देश हमेशा कृतज्ञ रहेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का साहस, त्याग और अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।
द्रास में बोले- सेना हर चुनौती का सामना करने को तैयार
राजनाथ सिंह ने बताया कि उन्होंने द्रास में आयोजित शौर्य संध्या कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय हमें गर्व का अनुभव कराती है, लेकिन देश के सामने मौजूद चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय सशस्त्र बल हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सैनिकों के कल्याण और रक्षा क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि सेना को विश्वस्तरीय हथियार और आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।














