तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोकाय पंचायत के पनियाय गांव में सोमवार की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई जहां गांव की रहने वाली सूरजमुनि मरांडी का शव कथित तौर पर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह तब हुई जब परिजनों ने महिला को मृत अवस्था में पाया जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।मृतका की सास का कहना है कि सोमवार की शाम सूरजमुनि ने जहर खा लिया था जिसके बाद उसे तिसरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालांकि मृतका के मायके पक्ष ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दिया है।बताया जाता है कि सूरजमुनि की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। वह सोहराय पर्व को लेकर मायके आई हुई थी जहां सोमवार को पति पत्नी के बीच विवाद हुआ था। परिजनों द्वारा समझा-बुझाकर उसे वापस ससुराल पनियाय भेज दिया गया लेकिन उसी रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।मृतका के पिता अरुण मरांडी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के गले पर दाग के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहराती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही लोकाय थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मृतका के पति अशोक मुर्मू को हिरासत में लेकर लोकाय थाना ले गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।