धनबाद बाघमारा के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र अंतर्गत बड़की बोआ 7 नंबर में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने सड़क किनारे स्थित दुकान में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ने पहले बिजली के पोल को टक्कर मारी जिससे पोल क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड को उखाड़ते हुए कार सीधे दुकान में जा घुसी।बताया जा रहा है कि वाहन संख्या JH01DC4298 ने इस घटना को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार रात करीब 12 बजे दो चार पहिया वाहन आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान एक कार अनियंत्रित हो गई और दुकान में घुसकर भारी नुकसान पहुंचा दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि कार में सवार युवक शराब के नशे में धुत थे।दुकान मालिक बोआ निवासी जनमंजय महतो ने बताया कि इस हादसे में उनकी दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिससे करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि इन्हीं दुकानों से वह अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं।घटना के बाद उन्होंने ईस्ट बसुरिया ओपी में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।फिलहाल कार में सवार दो युवकों को मामूली चोट आई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने ले आया है और मामले की जांच में जुट गई है।