बोकारो कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। रविवार सुबह करीब 9 बजे बोकारो कोर्ट के रजिस्ट्रार को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर को साइनाइड बम से ब्लास्ट करने की धमकी दी गई थी।ईमेल मिलने के बाद तुरंत इसकी सूचना बोकारो पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचा और कोर्ट परिसर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया और परिसर में खड़े सभी वाहनों को भी बाहर निकलवा दिया गया। सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर के चारों ओर नो-एंट्री लागू कर दी गई है।मौके पर डॉग स्क्वॉड की टीम भी पहुंचकर पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड जगुआर और एसटीएफ की टीम को भी बुलाया गया है। इसके अलावा बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल (BDT) टीम से भी संपर्क किया गया है, जो जल्द ही मौके पर पहुंचेगी।एसपी ने बताया कि धमकी भरे ईमेल में आईएसआई का भी जिक्र किया गया है और तमिलनाडु में चल रहे एक केस का भी उल्लेख किया गया है। फिलहाल ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।