रामगढ़ जिले के केदला 6 नंबर जंगल क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन के मुहानों को ब्लास्टिंग कर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में कोयला तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार घाटो थाना प्रभारी दीपक कुमार को सूचना मिली थी कि केदला 6 नंबर जंगल क्षेत्र में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन और तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी रामगढ़ एसपी अजय कुमार को दी।एसपी के निर्देश पर दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। इस दौरान वन विभाग और सीसीएल CCL की संयुक्त टीम भी मौके पर मौजूद रही। इसके बाद अवैध खनन के मुहानों को डायनामाइट से ब्लास्टिंग कर ध्वस्त कर दिया गया, जिससे तस्करी के रास्तों को पूरी तरह बंद कर दिया गया।रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध कोयला खनन और तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।