हजारीबाग जिले के बड़कागांव स्थित बसंती दुर्गा मंदिर में माता दुर्गा के षष्ठी रूप माता कात्यायनी की पूजा के अवसर पर बसंती दुर्गा पूजा समिति के नेतृत्व में भव्य कलश यात्रा सह शोभायात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं युवतियां और बच्चों ने कलश लेकर भाग लिया।कलश यात्रा की शुरुआत दुर्गा मंदिर से हुई, जो डेली मार्केट कोरियाडीह गोविंदडीह गौरव बाजार लोहार टोला दुसाध मोहल्ला अंबेडकर मोहल्ला, बरगद मोहल्ला मुस्लिम मोहल्ला रेंज ऑफिस, बड़कागांव मुख्य चौक और थाना रोड होते हुए छावनियां नदी पहुंची। वहां माता गंगा की स्तुति कर कलश यात्रियों ने जल भरकर पुनः दुर्गा मंदिर पहुंचकर माता कात्यायनी की पूजा अर्चना की।इस दौरान रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष विवेक कुमार सोनी के नेतृत्व में कलश व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच गमछा मैंगो फ्रूटी फल और शरबत का वितरण किया गया। वहीं बसंती दुर्गा पूजा समिति द्वारा भी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच चना और शरबत का वितरण किया गया।कलश यात्रा एवं शोभायात्रा को सफल बनाने में रामनवमी महासमिति बसंती दुर्गा पूजा समिति और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।