गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क की एक अहम कड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान 1.85 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।इस मामले का खुलासा एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बुलेट मोटरसाइकिल से दो युवक अफीम लेकर गढ़वा होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने NH-75 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।चेकिंग के दौरान संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया जिसके बाद दोनों आरोपी ग्राम परसवान के पास बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर ग्रामीणों की मदद से बहियार कला गांव से एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान अंश शुक्ला 21 वर्ष निवासी हरदोई उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके बैग से 1.85 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अफीम को पंजाब में बेचने के लिए ले जा रहा था जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ।पुलिस ने मौके से बुलेट मोटरसाइकिल मोबाइल फोन और बैग जब्त किया है। बरामद अफीम की कीमत अवैध बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।इस छापेमारी टीम में थाना प्रभारी आकाश कुमार, पु.अ.नि. आलोक कुमार, पु.नि. ओम प्रकाश महतो पु.नि. जय प्रकाश गुप्ता हवलदार बिपिन बिहारी गुप्ता आरक्षी मन्तू कुमार भारती एवं चालक आरक्षी लव कुमार दुबे शामिल थे।