बड़कागांव महूदी में रामनवमी जुलूस की मांग को लेकर उपायुक्त को सौंपा आवेदन
बड़कागांव के कर्णपुरा क्षेत्र में महूदी गांव से रामनवमी शोभा यात्रा निकालने की मांग को लेकर हिंदू महासंगठन के बैनर तले लोगों ने हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह को आवेदन सौंपा है। इस आवेदन की प्रतिलिपि आयुक्त एसपी एसडीओ समेत अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों को भी दी गई है।आवेदन में संगठन के लोगों ने कहा है कि ग्राम महूदी में कई वर्षों से राम जन्मोत्सव शोभा यात्रा रामनवमी जुलूस को मुस्लिम समुदाय द्वारा रोका जाता रहा है। वर्ष 2017 में हिंदू-मुस्लिम एकता को लेकर बातचीत हुई थी और आश्वासन दिया गया था कि पहले तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी और वर्ष 2018 में रामनवमी शोभा यात्रा सफलतापूर्वक निकाली जाएगी लेकिन यह आश्वासन अब तक पूरा नहीं हो सका।संगठन के अनुसार वर्ष 2024 में रामनवमी जुलूस महूदी गांव से होकर निकला था लेकिन वापसी के समय प्रशासन द्वारा बैरियर लगाकर जुलूस को रोक दिया गया, जिससे हिंदू समाज के लोग काफी आहत हुए।आवेदन में यह भी कहा गया है कि हर वर्ष प्रशासन द्वारा रामनवमी के बाद दोनों समुदायों की बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया जाता है लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। संगठन का कहना है कि हिंदू पक्ष की ओर से कई बार लिखित आवेदन भी दिए गए, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि महूदी गांव से रामनवमी शोभा यात्रा निकालने की अनुमति दी जाए और इस मामले का स्थायी समाधान निकाला जाए।इस दौरान पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, टुकेश्वर प्रसाद दामोदर प्रसाद मेहता खेमलाल महतो रामचरित्र प्रसाद सीताराम सहित कई लोग उपस्थित थे।














