जमशेदपुर के बर्मा माइंस थाना क्षेत्र में खालसा स्कूल के समीप एक दर्दनाक हादसा सामने आया है जहां एक तेज रफ्तार कार ने तीन वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे आनन फानन में इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल टीएमएच में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि तीन वर्षीय बालक अपनी दादी के साथ अपने भाई को स्कूल से लाने आया था। इस दौरान वह स्कूल के बाहर पेड़ के पास बैठा हुआ था। तभी अचानक वह उठकर खेलने लगा और उसी समय तेज गति से रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत टीएमएच ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं घायल बच्चे के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि यदि बच्चों और अभिभावकों को स्कूल के अंदर बैठने की अनुमति दी जाती तो यह हादसा नहीं होता।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।