सरायकेला खरसावां ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पुल निर्माण की मांग को लेकर मांगपत्र सौंपा। विधायक ने मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत लंबे समय से लंबित आधारभूत संरचना संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए चार महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया।सौंपे गए मांगपत्र में विधायक ने ईचागढ़ प्रखंड के टीकर गांव में करकरी नदी पर टीकर पुल चांडिल प्रखंड में एनएच-33 से जयदा मंदिर जाने वाले मार्ग पर पुल कुकड़ू प्रखंड के बड़ालापांग एवं सम्पतडीह गांव के बीच शोभा नदी पर पुल तथा नीमडीह प्रखंड के लावा गांव में पुल निर्माण की मांग की है।विधायक सविता महतो ने कहा कि इन क्षेत्रों के ग्रामीण वर्षों से आवागमन की गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। बरसात के मौसम में नदी और नालों का जलस्तर बढ़ जाने से कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से कट जाता है जिससे विद्यार्थियों किसानों मरीजों और आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि इन पुलों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने में सुविधा होगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में आसानी होगी और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।विधायक ने कहा कि टीकर गांव में पुल निर्माण की मांग को उन्होंने विधानसभा के शून्यकाल में भी उठाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया।इस संबंध में जानकारी विधायक के आप्त सचिव एवं झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने दी।