हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुरानिया में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वन विभाग और चौपारण पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान लगभग 10 एकड़ भूमि में अवैध रूप से लगी अफीम की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।अभियान के दौरान घटनास्थल से अफीम की खेती में प्रयुक्त 4 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पता का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस संयुक्त अभियान में अजित कुमार बिमल चंद्रशेखर सरोज सिंह चौधरी एसआई सुनील कुमार सिंह एएसआई बदल महतो सहित सशस्त्र बल एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मी शामिल रहे।प्रशासन ने दो टूक कहा है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार लगातार और सख्त अभियान चलाए जाएंगे। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।