रामगढ़ सिविल सर्जन कार्यालय में जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में सिविल सर्जन डॉ. अनील कुमार की अध्यक्षता में IMNCI का 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवजात शिशुओं और 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों में होने वाली सामान्य बीमारियों की पहचान कर उनके समुचित उपचार के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित करना था।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डायरिया निमोनिया कुपोषण और बुखार जैसे गंभीर रोगों के लक्षणों की पहचान और उनके सटीक उपचार की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि समय रहते गंभीर लक्षणों की पहचान कर रेफरल सेवाओं का उपयोग कैसे किया जाए ताकि शिशुओं के स्वास्थ्य में सुधार हो और मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।अधिकारियों ने बताया कि यह प्रशिक्षण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में मील का पत्थर साबित होगा। प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी अब समुदाय में जाकर बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे।इस प्रशिक्षण में डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह और डॉ. रूबिना अहसन द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।