गढ़वा चिनिया प्रखंड अंतर्गत बिलैतीखर पंचायत के रानीचेरी गांव स्थित अकेलवा टोला में तीन वर्षों से बंद पड़ा चापानल आखिरकार फिर से चालू हो गया है। सहभागी शिक्षण केंद्र द्वारा संचालित पलामू वाटर इनिशिएटिव PWI परियोजना के तहत चापानल की मरम्मत और प्लेटफॉर्म का नवीनीकरण कर ग्रामीणों को पेयजल संकट से बड़ी राहत दिलाई गई।अकेलवा टोला में लगभग 8 पीवीटीजी कोरवा परिवार निवास करते हैं। चापानल खराब होने के कारण ग्रामीणों विशेषकर महिलाओं को पीने का पानी लाने के लिए करीब 800 मीटर दूर जाना पड़ता था। इससे उन्हें प्रतिदिन काफी कठिनाइयों और समय की बर्बादी का सामना करना पड़ता था।ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सहभागी शिक्षण केंद्र ने चापानल के खराब हिस्सों को बदलकर उसे पुनः चालू कराया। साथ ही जर्जर हो चुके प्लेटफॉर्म की भी मरम्मत कराई गई। इस कार्य में स्थानीय महिलाओं ने बढ़ चढ़कर श्रमदान किया जिससे सामुदायिक भागीदारी और सहयोग की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली।संस्था द्वारा निर्माण सामग्री और मिस्त्री की व्यवस्था की गई जबकि ग्रामीणों ने श्रम सहयोग देकर कार्य को सफल बनाया। चापानल चालू होने के बाद पूरे टोले में खुशी का माहौल है और लोगों को एक बार फिर स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो गई है।ग्रामीणों ने इस पहल के लिए सहभागी शिक्षण केंद्र एवं पंचायत का आभार व्यक्त किया। वहीं पंचायत की ओर से जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सोकपिट निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया गया है।यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक सहयोग जल संरक्षण और पेयजल प्रबंधन का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।