जामताड़ा नाला प्रखंड कार्यालय और खाद्यान्न गोदाम का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण
जामताड़ा उपायुक्त सह जिला
दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शुक्रवार को नाला
प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं खाद्यान्न गोदाम का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं स्वच्छता अभिलेख संधारण एवं
विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और
कर्मचारियों को जनहित एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।प्रखंड
सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों की
उपस्थिति, कार्यालय संचालन
व्यवस्था तथा विभिन्न अभिलेखों की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्यालय
समय पर खुलें तथा अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित रूप से उपस्थित रहकर अपने दायित्वों
का निर्वहन करें।उपायुक्त ने कहा कि दूर दराज क्षेत्रों से
आने वाले ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित और सम्मानजनक समाधान किया जाए ताकि उन्हें अनावश्यक
रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने पंचायत स्तर पर भी सचिव एवं
कर्मियों के बैठने का दिन निर्धारित कर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने का
निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान भवन में सीलन और सीपेज की समस्या पाए जाने पर
उपायुक्त ने आवश्यक मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्राचार करने का निर्देश
दिया। साथ ही कार्यालय परिसर में रखी सामग्री एवं संचिकाओं को व्यवस्थित रखने तथा
नियमित साफ सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।उपायुक्त
ने विभिन्न कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों तक
योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की समुचित
व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इसके बाद उपायुक्त ने नाला स्थित
खाद्यान्न गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने भंडारण एवं वितरण पंजी आगम निर्गम अभिलेख खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था सीसीटीवी कैमरों की
कार्यशीलता साफ सफाई और डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था की
विस्तृत जांच की।स्टॉक एवं अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक पाए जाने पर उपायुक्त ने
संबंधित अधिकारियों की सराहना की। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि डोर स्टेप
डिलीवरी के लिए जीपीएस युक्त वाहनों का उपयोग किया जाए और वाहनों पर स्पष्ट रूप से
डोर स्टेप डिलीवरी अंकित हो ताकि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता
बनी रहे।निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा
कुमारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।














