देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में जिला प्रशासन और पंडा धर्मरक्षणि सभा के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। गुरुवार को पंडा धर्मरक्षणि सभा के महामंत्री निर्मल मंटू झा के नेतृत्व में तीर्थ पुरोहितों ने मंदिर प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।धरना के दौरान पुरोहितों ने आरोप लगाया कि मंदिर प्रशासन पिल पाया द्वार से अनधिकृत और मनमाने तरीके से लोगों को प्रवेश दे रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित मौके पर मौजूद रहे।महामंत्री मंटू झा ने कहा कि वीआईपी श्रद्धालुओं के प्रवेश पर किसी को आपत्ति नहीं है लेकिन इसके नाम पर गलत कार्य और निजी लाभ लेना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात कर्मी अपने परिचितों और परिवार के लोगों को वीआईपी बताकर पिल पाया द्वार से प्रवेश करवा रहे हैं जो पूरी तरह गलत है।उन्होंने यह भी कहा कि जब इस तरह की अनियमितताओं पर सवाल उठाया जाता है तो प्रशासन द्वारा झूठे मुकदमे की धमकी दी जाती है।धरना के दौरान सभा के पूर्व महामंत्री दुर्लभ मिश्रा और उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खबाडे सहित कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।पंडा समाज ने चेतावनी दी है कि यदि इस व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।यह विवाद अब प्रशासन और पुरोहितों के बीच बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है जिससे मंदिर व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा पर असर पड़ सकता है।