हजारीबाग पेलावल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव उस समय बरामद हुआ जब स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ निवासी के रूप में हुई है। वह अपनी बहन के घर हजारीबाग आया हुआ था।परिजनों के अनुसार मृतक का बालूमाथ में एक ब्यूटी पार्लर चलाने वाली लड़की के साथ संबंध को लेकर घर में विवाद हुआ था जिसके बाद वह मानसिक तनाव में था। इसी कारण वह अपनी बहन के घर आ गया था।बताया जा रहा है कि बहन और बहनोई ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह काफी परेशान था। गुरुवार शाम से ही वह घर से लापता था जिसके बाद शुक्रवार सुबह उसका शव बरामद किया गया।मामले को और भी संदिग्ध बनाता है कि शव पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि मामला सिर्फ आत्महत्या का नहीं बल्कि कुछ और भी हो सकता है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।