कोडरमा रिश्वत लेते गिरफ्तारी
कोडरमा भ्रष्टाचार निरोधक
ब्यूरो एसीबी हजारीबाग की टीम ने
बुधवार को झुमरी तिलैया स्थित विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में कार्रवाई करते हुए
बिजली विभाग के एक कर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी
की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है जो वर्तमान में
लाइनमैन के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है और बिल सुधार से जुड़े कार्य देख रहा
था।जानकारी के अनुसार डोमचांच थाना क्षेत्र
के चौधरीडीह निवासी राजु कुमार यादव ने एसीबी को शिकायत दी थी। शिकायत में
बताया गया था कि उनके ईंट प्लांट का संचालन बंद होने के बाद उन्होंने बिजली
कनेक्शन कटवाने और जमा सिक्योरिटी राशि वापस लेने के लिए आवेदन दिया था।बिजली
विभाग द्वारा कनेक्शन बंद करने की प्रक्रिया पूरी कर दी गई थी लेकिन सिक्योरिटी
राशि लौटाने के एवज में कथित तौर पर रिश्वत की मांग की गई। शिकायत के सत्यापन के
दौरान 5 हजार रुपये लेने की बात सामने
आई।शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी हजारीबाग थाना में मामला दर्ज किया गया और
ट्रैप टीम का गठन किया गया। इसके बाद दंडाधिकारी और सरकारी गवाहों की मौजूदगी में
कार्रवाई की गई।बताया गया कि बुधवार को जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लिए, एसीबी टीम ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर
लिया।फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।














