बोकारो जिले में साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। चास मुफशिल थाना क्षेत्र के मालती लक्सजरिया सिटी के एन ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि फ्लैट नंबर 101 में साइबर ठगी का अवैध धंधा चल रहा है। इसके बाद चास मुफशिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया जिसमें साइबर थाना की टीम भी शामिल थी।छापेमारी के दौरान फ्लैट में मौजूद चार युवक मोबाइल और लैपटॉप के जरिए लोगों को ठगते हुए पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे और KYC अपडेट ATM ब्लॉक या लोन दिलाने के नाम पर उन्हें फर्जी APK फाइल इंस्टॉल कराते थे।इसके बाद व्हाट्सएप कॉल और स्क्रीन शेयरिंग के माध्यम से पीड़ितों के बैंक डिटेल OTP और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल कर उनके खातों से पैसे उड़ा लेते थे।पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 3 से 4 महीनों से इस फ्लैट में रहकर इस ठगी को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार सभी आरोपी जामताड़ा जिले के निवासी हैं, जो साइबर अपराध के लिए पहले से कुख्यात रहा है।छापेमारी में पुलिस ने 16 मोबाइल फोन एक लैपटॉप और कई मोबाइल नंबरों से भरी डायरी जब्त की है।इस मामले में चास मुफशिल थाना कांड संख्या 36/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।