मसलिया दुमका जिले के मसलिया प्रखंड अंतर्गत बेलियाजोड़ पंचायत के फुटबेड़िया और देतियारपुर गांव के बीच निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल को लेकर ग्रामीणों और राहगीरों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का आरोप है कि पुल निर्माण कार्य में पारदर्शिता की कमी दिखाई दे रही है तथा निर्माण स्थल पर आवश्यक सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी सरकारी योजना में योजना की लागत संवेदक का नाम विभाग और अन्य जानकारी प्रदर्शित करने के लिए योजना बोर्ड लगाया जाता है लेकिन इस पुल निर्माण स्थल पर अब तक ऐसा कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे लोगों के बीच योजना की पारदर्शिता को लेकर संदेह उत्पन्न हो रहा है।वहीं पुल निर्माण के दौरान लोगों के आवागमन के लिए बनाया गया डायवर्सन वैकल्पिक मार्ग भी बदहाल स्थिति में है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का आरोप है कि अस्थायी रास्ता पर्याप्त रूप से विकसित नहीं किया गया है जिसके कारण आने जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो सकती है।इस संबंध में जब पुल निर्माण कार्य के कनीय अभियंता JE सुबल दास से मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक के अस्वस्थ होने के कारण अब तक योजना बोर्ड नहीं लगाया जा सका है। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा औपचारिक उद्घाटन के समय योजना बोर्ड लगाया जाएगा।डायवर्सन को लेकर पूछे गए सवाल पर जेई ने कहा कि योजना में डायवर्सन निर्माण के लिए अलग से कोई राशि का प्रावधान नहीं है। इसलिए संवेदक ने अपने स्तर से अस्थायी व्यवस्था की है।फिलहाल ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण कार्य की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए तथा आवागमन के लिए बेहतर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।