मोहनिया अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट के बाद फिर शुरू हुई OPD सेवा, प्रशासन ने कार्रवाई का दिया भरोसा
कैमूर: कैमूर जिले के मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल में डॉक्टर के साथ
मारपीट और हंगामे के बाद बंद की गई
ओपीडी (OPD) सेवा एक बार फिर शुरू कर दी गई है। प्रशासन द्वारा आरोपियों पर
कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद चिकित्सकों ने मरीजों की सेवा फिर से बहाल कर दी, जिससे इलाज के लिए
पहुंचे लोगों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, चैनपुर
थाना क्षेत्र के नौघरा निवासी गुरफान खान सड़क दुर्घटना में
घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने
उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते
हुए अस्पताल में हंगामा किया और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के साथ मारपीट की। घटना के बाद नाराज चिकित्सकों और
अस्पताल कर्मियों ने विरोध स्वरूप ओपीडी सेवा बंद कर दी थी। अस्पताल के मुख्य
द्वार को भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। सूचना मिलने पर भारी संख्या में
पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में कैमूर सिविल सर्जन
डॉ. चंदेश्वरी रजक और मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी अस्पताल पहुंचे।
अधिकारियों ने डॉक्टरों को भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ
कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद चिकित्सकों ने ओपीडी सेवा दोबारा शुरू कर दी। पीड़ित डॉक्टर डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मरीज को अस्पताल लाए जाने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जब यह जानकारी परिजनों को दी गई तो वे आक्रोशित हो गए और इलाज करने का दबाव बनाने
लगे। इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई,
जिसके विरोध में डॉक्टरों ने ओपीडी सेवा
बंद कर दी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही
है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















