रांची: बीआईटी मेसरा के हॉस्टल में शुक्रवार रात एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव उसके कमरे में मिला। मृतका की पहचान गोड्डा जिले की रहने वाली अंजली सुमन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद बीआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, अंजली सुमन हॉस्टल नंबर-9 में रहती थी। शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने और भोजन के समय भी उसके नहीं पहुंचने पर सहेलियों को चिंता हुई।

इसके बाद छात्राओं ने कमरे के दरवाजे में बने छेद से अंदर देखा, जिसके बाद उन्हें अंजली कमरे में मृत अवस्था में दिखाई दी। छात्राओं ने तत्काल कॉलेज प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने पर बीआईटी थाना प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस बल के साथ हॉस्टल पहुंचे। पुलिस ने कमरे की जांच की और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।