रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 19 सितंबर को राज्य के सभी जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और गुमला शामिल हैं।

इन जिलों में तेज बारिश के साथ 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रांची में भी बारिश के आसार

राजधानी रांची में भी आज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

आईएमडी ने बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर लोगों को खुले स्थानों पर रहने से बचने की सलाह दी गई है।