पलामू: नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डगरा पुलिस पिकेट में शनिवार सुबह जैप के एक सूबेदार की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुचुन पाल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पिकेट में तैनात अन्य जवानों ने घटना के बाद बुचुन पाल को गंभीर हालत में देखा। जांच के दौरान उनकी मौत की पुष्टि हुई। घटना की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक जवान के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पिकेट में तैनात अन्य जवानों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।