पुरुलिया में कड़ाडी मैदान को कचरा व प्लास्टिक मुक्त बनाने की पहल, आदिवासी कुड़मी समाज ने चलाया स्वच्छता अभियान
पुरुलिया: प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण को स्वच्छ
रखने का संदेश देते हुए आदिवासी कुड़मी समाज की ओर से रविवार को कड़ाडी मैदान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान
के दौरान मैदान में फैले कचरे और प्लास्टिक को हटाकर पूरे परिसर की साफ-सफाई की
गई। कुड़मी समाज की
परंपरा और जीवनशैली का प्रकृति से गहरा जुड़ाव रहा है। इसी सोच के तहत समाज के
सदस्यों ने कड़ाडी मैदान को कचरा और प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा मैदान को उसके
पुराने स्वरूप में वापस लाने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान समाज
के लोगों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य
है। उन्होंने बताया कि कड़ाडी मैदान धीरे-धीरे कचरे और प्लास्टिक का अड्डा बनता जा
रहा था, जिससे मैदान की
सुंदरता और उपयोगिता प्रभावित हो रही थी। स्वच्छता अभियान के
माध्यम से मैदान को साफ-सुथरा बनाने के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों को भी स्वच्छता
और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे मैदान
में कचरा और प्लास्टिक न फेंकें और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में सहयोग
करें। समाज के सदस्यों ने
कहा कि यदि मैदान साफ-सुथरा रहेगा तो स्थानीय युवा यहां खेल-कूद सहित अन्य सामाजिक
गतिविधियों में बेहतर तरीके से भाग ले सकेंगे। अभियान के दौरान आदिवासी कुड़मी
समाज के कई सदस्यों ने श्रमदान किया और मिलकर मैदान की सफाई की। अभियान के जरिए समाज
ने स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।














