जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को रोजाना चलाने की मांग जमशेदपुर रेलवे को ज्ञापन
जमशेदपुर: टाटानगर
रेलवे स्टेशन से अमृतसर के लिए चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन
दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में सेंट्रल
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण पूर्व
रेलवे के उप महाप्रबंधक मनीष जैन
को ज्ञापन सौंपकर
यात्रियों की परेशानियों से अवगत कराया। वहीं, कमेटी ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत
वरण महतो को भी पत्र के माध्यम से अपनी मांग से अवगत कराया। ज्ञापन में कहा गया
है कि कोरोना काल से पहले टाटानगर से जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का नियमित परिचालन
होता था, लेकिन कोरोना काल के
बाद से ट्रेन का परिचालन सप्ताह में महज तीन दिनों तक सीमित कर दिया गया है। इसके
कारण जमशेदपुर, कोल्हान
और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पंजाब तथा अन्य राज्यों की यात्रा करने में
परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल के
अनुसार, बड़ी संख्या में लोग
रोजगार, व्यापार, शिक्षा, इलाज और पारिवारिक कारणों से पंजाब एवं
अन्य राज्यों की यात्रा करते हैं। ट्रेन के सप्ताह में केवल तीन दिन चलने के कारण
यात्रियों को अन्य ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे टिकट की उपलब्धता,
यात्रा की सुविधा और समय को लेकर
परेशानी होती है। कमेटी के सदस्यों ने
बताया कि इस मांग को लेकर पूर्व में भी कई बार रेल प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा
चुका है। उनके अनुसार, हर
बार रेल प्रशासन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला, लेकिन अब तक ट्रेन का दैनिक परिचालन
शुरू नहीं किया गया है। ज्ञापन के माध्यम से
रेलवे प्रशासन से मांग की गई है कि टाटानगर से अमृतसर जाने वाली जलियांवाला बाग
एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन के बजाय सातों दिन नियमित रूप से चलाया जाए,
ताकि यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल
सके। वहीं, कमेटी ने मांग पूरी नहीं होने की स्थिति
में आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं
होने पर जमशेदपुर के नागरिकों और समूह साध संगत के साथ टाटानगर रेलवे स्टेशन पर
आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर रेल चक्का जाम करने की भी चेतावनी
दी गई है। सेंट्रल गुरुद्वारा
प्रबंधक कमेटी ने रेल प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए यात्रियों की
सुविधा के मद्देनजर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का दैनिक परिचालन शुरू करने की मांग
की है।















