जमशेदपुर डिमना रोड में ट्रक की टक्कर से ट्रांसपोर्ट कारोबारी की मौत, चालक फरार
जमशेदपुर: डिमना रोड में रविवार देर रात करीब 12
बजे हुए सड़क हादसे में वास्तु विहार
निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी नीरज (50) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नीरज साकची से सामान लोड
करवाकर कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डिमना रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने
उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गंभीर
रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नीरज
को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां
चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक
चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास
लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान
कर फरार चालक को पकड़ा जा सके। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। बताया गया कि नीरज की चार ट्रकें चलती हैं और वह खुद ट्रांसपोर्ट से
जुड़े कामकाज को देखते थे। सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही उनके परिजन अस्पताल
पहुंचे। नीरज की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। पुलिस फिलहाल हादसे
के कारणों और फरार ट्रक चालक की पहचान को लेकर जांच कर रही है।














