रांची से पटना गए CCL के रिटायर्ड GM आलोक कुमार की मौत, हत्या या आत्महत्या पर सस्पेंस: परिजनों के दावे से उठे सवाल
पटना: राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में सीसीएल के रिटायर्ड जीएम आलोक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित जमुना पैलेस के नीचे उनकी कार खड़ी मिली। कार की ड्राइविंग सीट पर 67 वर्षीय आलोक कुमार का शव पड़ा था। उनके कनपटी के पीछे गोली लगी थी। घटनास्थल से एक पिस्टल और खाली कारतूस का खोखा भी बरामद किया गया है। मामले की सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मौत को लेकर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, मृतक के परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। आलोक कुमार मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले थे और वर्तमान में रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर में रहते थे। बताया गया कि वह दो-तीन दिन पहले पटना के राजीव नगर स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में रहने वाली अपनी बहन से मिलने पहुंचे थे। शनिवार सुबह वह रोजाना की तरह घर से टहलने और घूमने के लिए निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान उनकी कार लावारिस हालत में खड़ी होने की जानकारी मिली। परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो कार की ड्राइविंग सीट पर आलोक कुमार का शव मिला। मृतक के जीजा विनोद कुमार ने हत्या की आशंका जताई है। उनका दावा है कि कार से बरामद पिस्टल आलोक कुमार की नहीं थी। उन्होंने कहा कि आलोक कुमार की किसी ने गोली मारकर हत्या की है। परिजन के मुताबिक, पटना में आलोक कुमार का किसी से कोई विवाद नहीं था। हालांकि, उन्होंने यह संभावना जताई कि यदि किसी तरह की रंजिश थी तो उसका संबंध झारखंड से हो सकता है। इन दावों की पुलिस की ओर से फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों ने बताया कि आलोक कुमार का एक बेटा है, जो वर्तमान में मलेशिया में रहता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजीव नगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने कार और आसपास के इलाके से उंगलियों के निशान, कारतूस का खोखा और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। कार से पिस्टल की बरामदगी के कारण शुरुआती तौर पर आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता, जबकि परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।दो-तीन दिन पहले बहन के घर पहुंचे थे आलोक कुमार
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
हत्या या आत्महत्या? जांच के बाद साफ होगी तस्वीर














