रांची: रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (CIP) में M.Sc. क्लिनिकल मनोविज्ञान की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान के आधार पर कांके थाना पुलिस ने संस्थान के ही एक छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिकी में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना 28 जून की रात की है। शिकायत के अनुसार, वह CIP में क्लिनिकल मनोविज्ञान की प्रशिक्षु के रूप में कार्यरत थीं और संस्थान के पोस्ट ग्रेजुएट हॉस्टल में रहती थीं।

पढ़ाई और साइकोमेट्री अभ्यास के लिए छात्र के कमरे में गई थी पीड़िता

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, आरोपी छात्र सार्थक चौधरी CIP में M.Phil. क्लिनिकल मनोविज्ञान का छात्र है और हॉस्टल के कमरा नंबर 54 में रहता था। हॉस्टल के नियमों के तहत छात्रों के कमरों में आने-जाने की अनुमति होने के कारण पीड़िता 28 जून की रात करीब 10 बजे साइकोमेट्री के अभ्यास और पढ़ाई के सिलसिले में उसके कमरे में गई थीं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर पढ़ाई और अभ्यास करने के बाद पीड़िता को अचानक चक्कर आने लगा। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें अपनी स्टील की बोतल से पानी पीने के लिए दिया। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने शुरुआत में पानी पीने से हिचकिचाहट जताई, लेकिन आरोपी के बार-बार आग्रह करने पर पानी पी लिया।

तबीयत बिगड़ने के बाद दुष्कर्म का आरोप

पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि पानी पीने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। आरोपी ने उन्हें बिस्तर पर आराम करने के लिए कहा। पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया और कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की, तब आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ जोर-जबरदस्ती की और दुष्कर्म किया।घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। उनके बयान के आधार पर कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।