बेरमो में तेज रफ्तार कोयला लदे हाइवा ने बाइक सवार CCL कर्मी को कुचला, मौके पर मौत
बेरमो : बोकारो जिले के बेरमो क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार CCL कर्मी की मौत हो गई। फुसरो के पांच नंबर और ढोरी स्थित हीरक सड़क पर तेज रफ्तार कोयला लदे हाइवा ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार करीब 55 वर्षीय महाबीर रजवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के अंबेडकर कॉलोनी निवासी महाबीर रजवार के रूप में हुई है। वह CCL में पंप खलासी के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि वह पानी चालू करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे कोयला लदे हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और हाइवा की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाइवा डंपर कथित तौर पर किसी दूसरी जगह दुर्घटना के बाद वहां से भाग रहा था। इसी दौरान हीरक सड़क पर यह हादसा हो गया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। महाबीर रजवार अंगवाली दक्षिणी पंचायत के बेहरागोड़ा के रहने वाले भी बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर बेरमो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब दो साल पहले भी इसी स्थान पर इसी तरह की सड़क दुर्घटना हुई थी। उस समय लोगों की मांग पर सड़क पर ब्रेकर लगाया गया था, लेकिन फिलहाल ब्रेकर हटा दिया गया है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।हाइवा के दूसरे हादसे के बाद भागने की चर्चा
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
दो साल पहले भी इसी जगह हुआ था हादसा














