रामगढ़: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने पतरातू प्रखंड और आसपास के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक ने रसदा छठ घाट, भुरकुंडा नलकारी छठ घाट, रिवरसाइड छठ घाट, इमलीगाछ छठ घाट और बरकाकाना स्थित जोड़ा तालाब छठ घाट का दौरा किया। उन्होंने छठ पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, पहुंच मार्ग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

छठ से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान विधायक रोशन लाल चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

प्रशासन और पूजा समितियों के बीच समन्वय पर जोर

विधायक ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है, ताकि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें।