बिशुनपुर में ट्रांसफार्मर पर चढ़ा ग्रामीण करंट की चपेट में आया, गंभीर हालत में गुमला रेफर
बिशुनपुर : प्रखंड के घाघरा पंचायत अंतर्गत लापू गांव में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। गांव में बिजली खराब होने पर ट्रांसफार्मर का फ्यूज ठीक करने चढ़े अरविंद उरांव करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वह ट्रांसफार्मर से नीचे गिर पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गुमला रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव में बिजली खराब होने पर अरविंद उरांव ने बिशुनपुर पावर हाउस को सूचना दी थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने मरम्मत के लिए बिजली कटवाई थी। इसके बाद वह ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फ्यूज ठीक करने लगे। इसी दौरान अचानक ट्रांसफार्मर में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल बिशुनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गुमला भेज दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर पर फ्यूज ठीक करने और बिजली की मरम्मत का काम प्रशिक्षित एवं अधिकृत बिजली कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। ऐसे में ग्रामीण को खुद ट्रांसफार्मर पर चढ़कर मरम्मत करने की नौबत क्यों आई? ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि पावर हाउस को सूचना देने के बावजूद विभागीय कर्मचारी मौके पर क्यों नहीं पहुंचे और बिजली कटवाने के बाद भी ट्रांसफार्मर में करंट कैसे पहुंचा? हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और विभागीय जिम्मेदारी की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही घायल अरविंद उरांव के बेहतर इलाज का पूरा खर्च विभाग की ओर से उठाने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है। फिलहाल अरविंद उरांव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गुमला रेफर किया गया है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को किस तरह की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।बिजली कटवाने के बाद भी ट्रांसफार्मर में आया करंट
बिजली विभाग की जिम्मेदारी पर उठे सवाल
इलाज का खर्च और मुआवजा देने की मांग














