चतरा में अंधविश्वास के नाम पर मासूम की हत्या का खुलासा, मौसी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
चतरा: झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी मौसी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की हत्या अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के जरिए सिद्धि प्राप्त करने के उद्देश्य से की गई। इस मामले में पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और कथित तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री भी बरामद की है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बीते 11 नवंबर को प्रतापपुर थाना क्षेत्र की चन्द्रि गोविंदपुर पंचायत के चट्टी अनंतपुर गांव निवासी सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर एसडीपीओ चतरा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। एसपी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव घर से करीब 150 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी व अन्य जांच के आधार पर अनुसंधान तेज किया। एसपी ने बताया कि करीब 48 घंटे के भीतर पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि बच्ची की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी। आरोप है कि उसने सिद्धि प्राप्त करने के अंधविश्वास में अमावस्या की रात अपने भैसुर बिन्दु भारती और भतीजे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की हत्या की। पुलिस ने यह भी बताया कि बच्ची के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद चल रहा था। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी सोहरी देवी के घर से कई सामान बरामद किए हैं। इनमें खून लगा हसुवा, खून लगी करणी, लोहे की छेनी, लाल रंग की टूटी चूड़ी-बाली, खून लगा पलाश का पत्ता और घास तथा पीड़िता के कपड़े शामिल हैं। इसके अलावा कथित तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के रूप में सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी भी बरामद की गई है। एसपी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।48 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
मौसी समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप
खून लगे हथियार और तंत्र-मंत्र की सामग्री बरामद














