2 डॉलर के टिकट से 99 अरब रुपये की लॉटरी, एक महीने बाद सामने आया विजेता
वॉशिंगटन: अमेरिका के इलिनोइस में 1.04 अरब डॉलर यानी करीब 99 अरब रुपये के पावरबॉल जैकपॉट का विजेता एक महीने से ज्यादा समय बाद सामने आया है। 12 अगस्त की ड्रॉइंग में जैकपॉट जीतने वाले टिकट के धारक ने आखिरकार अपना इनाम क्लेम कर लिया है। हालांकि, विजेता की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। इलिनोइस लॉटरी के मुताबिक, विजेता ने क्विंसी स्थित Hy-Vee Fast & Fresh से 2 डॉलर का ‘क्विक पिक’ टिकट खरीदा था। टिकट में पावरबॉल नंबरों की एक लाइन शामिल थी। विजेता ने लॉटरी अधिकारियों को बताया कि उसने कभी नहीं सोचा था कि 2 डॉलर के इस टिकट से 1.04 अरब डॉलर का जैकपॉट जीत जाएगा। यह जैकपॉट इलिनोइस में अब तक जीते गए सबसे बड़े लॉटरी इनामों में दूसरे स्थान पर है, जबकि पावरबॉल के इतिहास में यह आठवां सबसे बड़ा जैकपॉट बताया गया है। 12 अगस्त की ड्रॉइंग के बाद विजेता ने तुरंत इनाम का दावा नहीं किया। उसने कई हफ्तों तक पेशेवर कानूनी और वित्तीय सलाहकारों के साथ काम किया। इसके बाद विजेता ने जैकपॉट की रकम एन्युइटी यानी किश्तों में लेने के बजाय एकमुश्त भुगतान के रूप में लेने का फैसला किया। इलिनोइस के कानून के तहत 250,000 डॉलर से अधिक का इनाम जीतने वाले विजेता को अपनी पहचान गोपनीय रखने की अनुमति है। इसी वजह से इस अरबों रुपये के जैकपॉट के विजेता का नाम भी सार्वजनिक नहीं किया गया है। इलिनोइस लॉटरी शिकागो प्राइज सेंटर की मैनेजर अमांडा क्रोसस ने बताया कि आठ वर्षों तक लॉटरी क्लेम प्रक्रिया से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने कई विजेताओं से मुलाकात की है, लेकिन 1 अरब डॉलर से अधिक का जैकपॉट बेहद खास है। उनके मुताबिक, करीब एक महीने के इंतजार के बाद इस ऐतिहासिक इनाम का दावा किया जाना खास अनुभव रहा। इलिनोइस में इस पावरबॉल जैकपॉट का सिलसिला 4 मई से शुरू हुआ था और 12 अगस्त की ड्रॉइंग तक चला। इस दौरान इलिनोइस लॉटरी के खिलाड़ियों ने 53.8 मिलियन से ज्यादा पावरबॉल टिकट खरीदे। लॉटरी के अनुसार, टिकटों की बिक्री से करीब 26 मिलियन डॉलर कॉमन स्कूल फंड के लिए जुटाए गए। इस फंड का इस्तेमाल पूरे इलिनोइस में K-12 पब्लिक एजुकेशन को समर्थन देने के लिए किया जाता है।एक महीने तक क्यों नहीं आया विजेता सामने?
लॉटरी अधिकारी ने बताया ऐतिहासिक पल
53.8 मिलियन से ज्यादा टिकट बिके














