हजारीबाग:  उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर कटकमदाग प्रखंड के सिरसी में सरकारी जमीन की जांच को लेकर गठित 20 सदस्यीय स्पेशल सेल की टीम ने मापी का काम शुरू कर दिया है। टीम द्वारा सरकारी जमीन की स्थिति का स्थल पर सत्यापन किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, खाता संख्या 251 की करीब 163.19 एकड़ गैरमजरूआ खास जमीन की नक्शे के आधार पर प्लॉटवार मापी की जा रही है। जांच टीम जमीन की वास्तविक स्थिति का मिलान राजस्व अभिलेखों और नक्शे से कर रही है।

मापी के दौरान कथित अवैध जमाबंदी, अतिक्रमण और सरकारी जमीन पर किए गए निर्माण की स्थिति का भी सत्यापन किया जा रहा है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी भूमि के किन हिस्सों पर दखल है, कहां निर्माण किया गया है और कितनी जमीन फिलहाल खाली है।

जांच और मापी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दखलकारों, निर्माण की स्थिति और खाली जमीन से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपायुक्त को सौंपा जाएगा।

स्पेशल सेल की टीम द्वारा मापी शुरू किए जाने के बाद सरकारी जमीन पर कथित रूप से कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी भूमि की वास्तविक स्थिति और संभावित अतिक्रमण को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।