विकास योजनाओं की समीक्षा में डीसी के सख्त निर्देश, लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर
जामताड़ा के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला विकास शाखा की समीक्षा बैठक की। बैठक में सांसद निधि, विधायक निधि और अनाबद्ध निधि से संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित एसी-डीसी विपत्रों के शीघ्र समायोजन, योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और कार्यों में गुणवत्ता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न निधियों के तहत स्वीकृत और क्रियान्वित योजनाओं की क्रमवार जानकारी ली। उन्होंने लंबित कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष एसी-डीसी विपत्रों का शीघ्र समायोजन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सांसद और विधायक निधि से स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उपायुक्त आलोक कुमार ने योजनाओं के क्रियान्वयन में दोहराव यानी डुप्लीकेसी नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अनुशंसित कार्यों और योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया। चालू वित्तीय वर्ष में सांसद एवं विधायक निधि के अंतर्गत योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों के लिए आवश्यक पत्राचार करने को भी कहा। डीसी ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में विभागीय मार्गदर्शिका का पालन किया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। बैठक में विकास योजनाओं से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, संबंधित कार्यपालक अभियंता और अन्य कर्मी उपस्थित थे।लंबित योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
योजनाओं में डुप्लीकेसी रोकने पर जोर
गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश














