ट्रेनों पर पथराव और रेलवे अपराध रोकने के लिए RPF का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों से मांगा सहयोग
चक्रधरपुर रेल मंडल क्षेत्र में ट्रेनों पर पथराव, रेलवे केबल चोरी और सिग्नल से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जन जागरूकता अभियान चलाया। बुधवार को चक्रधरपुर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी कमलेश सोरेन के नेतृत्व में सोनुआ के राघोई गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक कर रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम पर चर्चा की गई। इस दौरान आरपीएफ अधिकारियों ने ग्रामीणों से ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने में सहयोग की अपील की। आरपीएफ की टीम ने बुधवार को सोनुआ प्रखंड के राघोई गांव में पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें ट्रेनों पर पथराव, रेलवे केबल लाइन की चोरी और रेलवे सिग्नल को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों से रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। आरपीएफ अधिकारियों ने क्षेत्र में रेलवे से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए आम लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और ट्रेनों में सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में आरपीएफ सब इंस्पेक्टर अंजुम निशा, एएसआई एसके प्रधान, एएसआई महेश बेसरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।राघोई गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक
रेलवे संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग की अपील














