ओम प्रकाश राजभर  ने एक बार फिर  अखिलेश यादव  पर तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव से अलग राजनीति की उम्मीद करना आसमान में भैंस उड़ाने जैसा है। उन्होंने दावा किया कि भैंस उड़ाने की कला सिर्फ सैफई कुनबे को आती है। ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर समाज तोड़क राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन्ना को आदर्श मानने वाले और ऑपरेशन सिंदूर में देश के 11 लड़ाकू विमानों के गिरने का झूठ फैलाने वाले अखिलेश यादव अफवाह की राजनीति करते हैं। राजभर ने आगे कहा कि लगातार चुनाव हारने के बाद समाजवादी पार्टी के पास सिर्फ महल और पैसा  बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जनता के पैसे से जुटाए गए धन के बल पर किराए के हवाई जहाज से घूमते हैं और उनकी राजनीति  ट्विटर  एसी और पीसी तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा ओम प्रकाश राजभर जमीन पर भैंस चरा सकता है  लेकिन आसमान में भैंस उड़ाने की कला में सैफई कुनबा ही पारंगत है।  राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि सपा प्रमुख की राजनीति अफवाह और भ्रम फैलाने पर आधारित है। दरअसल  हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। ओपी राजभर लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। इससे पहले भी उन्होंने सपा प्रमुख पर चुनाव जीतने के लिए टोटकों का सहारा लेने और ज्योतिषीय सलाह पर बाल बढ़ाने जैसे आरोप लगाए थे।  राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए प्रदेश में सियासी बयानबाजी और भी तेज हो सकती है। वहीं सपा की ओर से अभी तक राजभर के ताजा बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।