देवघर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने बुधवार को मारगोमुण्डा प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने अबुआ आवास योजना और मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट देखी। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।भीषण गर्मी को देखते हुए DC ने क्षेत्र के सभी पेयजल स्रोतों की सूची तैयार करने और खराब पड़े चापाकलों को तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट नहीं होना चाहिए और प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से कार्य करना होगा।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाल विकास परियोजना के तहत संचालित कार्यों और आंगनबाड़ी केंद्रों का भी जायजा लिया।मौके पर एसडीओ राजीव कुमार, बीडीओ शशि संदीप सोरेन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।