विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता, 30 सितंबर तक स्कूल-कॉलेजों में चलेगा अभियान
सरायकेला
: 10 सितंबर 2026। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर
गुरुवार को सदर अस्पताल, सरायकेला
में जिला स्वास्थ्य समिति, सरायकेला-खरसावां
की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल
सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने की। इस वर्ष विश्व
आत्महत्या रोकथाम दिवस की थीम “Changing the
Narrative on Suicide” (आत्महत्या
पर दृष्टिकोण बदलना) और आह्वान “Start
the Conversation” (बातचीत
शुरू करें) रखा गया है। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या
रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ मानसिक संकट की स्थिति में समय पर सहायता
लेने की जरूरत पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान
मानसिक तनाव और संकट के संभावित संकेतों की पहचान, तनाव प्रबंधन तथा जरूरतमंद व्यक्ति को
समय पर भावनात्मक और स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के बारे में बताया गया।
लोगों से अपील की गई कि मानसिक परेशानी की स्थिति में परिवार, मित्र, शिक्षक या स्वास्थ्यकर्मी से बातचीत
करें और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाओं की सहायता लें। जिले में 10 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों
में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान विद्यार्थियों और
युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव
प्रबंधन, भावनात्मक सहयोग,
आत्महत्या के चेतावनी संकेतों और समय पर
सहायता प्राप्त करने के बारे में जागरूक किया जाएगा। मानसिक स्वास्थ्य
संबंधी सहायता के लिए राष्ट्रीय टेली-मानस हेल्पलाइन 14416
और 1800-891-4416
पर निःशुल्क एवं 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम
में लोगों को जरूरत के समय सहायता लेने और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को
लेकर खुलकर बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में
आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद
लोगों की सहायता करने को लेकर उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को
शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जिला
नोडल पदाधिकारी डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी, डॉ. शालिनी कुमारी, डॉ. अनिर्बान महतो, डॉ. श्वेता कुमारी, पुष्कर भूषण (DPA, जिला NCD कोषांग), अशोक यादव (NTCP कंसल्टेंट, जिला NCD कोषांग) समेत अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।मानसिक
तनाव के संकेतों की पहचान पर जोर
30 सितंबर तक स्कूल-कॉलेजों में चलेगा अभियान
24 घंटे उपलब्ध है टेली-मानस हेल्पलाइन














