जनजातीय संस्कृति और वीरता का होगा उत्सव, आशा लकड़ा ने अधिकारियों को दिए निर्देश
घाघरा (गुमला): गुमला जिले के घाघरा प्रखंड में आगामी 23 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, भारत सरकार के तत्वावधान में प्लस टू हाई स्कूल मैदान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा ने घाघरा प्रखंड कार्यालय के सभागार में बैठक की। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, इतिहास, वीरता और महापुरुषों के योगदान को याद किया जाएगा। इसके साथ ही जनजातीय गौरव और अस्मिता का उत्सव मनाया जाएगा। आयोजन में स्वतंत्रता सेनानियों और अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में आशा लकड़ा ने कार्यक्रम को सफल बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने तैयारियों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। इस बैठक में घाघरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सभी पंचायतों के मुखिया, विधायक प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।














