चैनपुर (गुमला): गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में छठी कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर 2026 की है। छात्रा अपने गांव के जंगल की ओर मवेशियों को चराने गई थी। इसी दौरान शाम करीब चार बजे गांव के ही चार दोस्तों ने कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घर लौटने के बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद 17 नवंबर 2026 को पीड़िता के पिता ने चैनपुर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई और उसे बाल कल्याण समिति (CWC) भेज दिया गया।

वहीं, पुलिस ने छापेमारी कर चारों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की उम्र क्रमशः 14, 14, 15 और 16 वर्ष है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में गुमला भेज दिया गया।