जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने नाला विधानसभा क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और मतदाताओं से सीधे बातचीत कर उनके आवेदन एवं संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मतदान केंद्र संख्या 259, 253, 221 और 77 पर फॉर्म-6, 7 एवं 8, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी तथा नो मैपिंग से जुड़े 20 से अधिक आवेदनों की स्थलीय जांच की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर सभी आवेदनों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि SIR का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा लंबित नोटिस, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी और नो मैपिंग से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि सत्यापन के दौरान अपने क्षेत्र के बीएलओ को सही जानकारी और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष सड़क, पेंशन सहित अन्य समस्याएं भी रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, एईआरओ आकांक्षा कुमारी, फतेहपुर एईआरओ प्रेम कुमार दास, बीएलओ सुपरवाइजर, संबंधित बीएलओ सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।