हजारीबाग: शहर के जलस्रोतों पर बढ़ते अतिक्रमण के बीच हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 से गोंदा नदी की जमीन से जुड़ा मामला सामने आया है। नदी की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद सदर अंचल अधिकारी आशुतोष कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। इसके बाद अंचल अमीन के माध्यम से नदी की जमीन की मापी शुरू कराई गई है।

मापी के दौरान सामने आए शुरुआती तथ्यों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अंचल अमीन के अनुसार, मौजा के सरकारी नक्शे में गोंदा नदी की चौड़ाई लगभग 60 फीट दर्ज है, जबकि वर्तमान में मौके पर नदी की चौड़ाई महज 30 से 35 फीट ही दिखाई दे रही है। ऐसे में नक्शे और धरातल की स्थिति के बीच करीब 25 से 30 फीट का अंतर सामने आया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नदी की शेष जमीन कहां गई? क्या नदी की जमीन पर अतिक्रमण किया गया है? यदि ऐसा हुआ है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? फिलहाल इन सवालों का जवाब मापी की पूरी रिपोर्ट और प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

वहीं, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि जलस्रोतों की जमीन पर अतिक्रमण के मामले में कुछ प्रभावशाली लोग भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इन चर्चाओं की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

गौरतलब है कि हजारीबाग के कई जलस्रोतों पर अतिक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में गोंदा नदी की जमीन की मापी और प्रशासनिक कार्रवाई को जलस्रोतों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और अतिक्रमण की पुष्टि होने पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।