तीनपहाड़:  तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बेहरा मोड़ के पास रविवार सुबह करीब 5 बजे बालू लदा 18 चक्का हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में हाइवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात है कि चालक सुरक्षित बच गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, हाइवा बोरियो से तीनपहाड़ की ओर बालू लेकर जा रहा था। बेहरा मोड़ के पास पहुंचते ही अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद हाइवा सड़क किनारे पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में चालक को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद तीनपहाड़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का जायजा लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, हाइवा किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटा, इसका स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।