मुरी में मधुपुर स्पेशल ट्रेन हादसे का शिकार, तीसरी जनरल बोगी का पिछला चक्का पटरी से उतरा
मुरी : मुरी रेलवे स्टेशन से एक बड़ी खबर सामने आई है। रविवार की देर रात करीब 1:45 बजे मधुपुर जा रही स्पेशल ट्रेन संख्या 08895 हादसे का शिकार हो गई। मुरी स्टेशन से खुलने के बाद ट्रेन जैसे ही मुरी रेलवे फाटक के पास बोकारो लाइन पर पहुंची, इंजन से लगी तीसरी जनरल बोगी का पिछला चक्का पटरी से उतर गया। जानकारी के मुताबिक, स्पेशल ट्रेन इतवारी जंक्शन से मधुपुर जंक्शन जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह एक जानवर, कथित तौर पर सियार के पहिए में फंसने को बताया जा रहा है। हालांकि, रेलवे की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं मरम्मत का काम शुरू किया। टीम की ओर से पटरी और प्रभावित बोगी की तकनीकी जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल और ट्रैक की सुरक्षा जांच के बाद इसी लाइन से वंदे भारत ट्रेन को भी रवाना किया गया। फिलहाल रेलवे की तकनीकी टीम हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।इतवारी जंक्शन से मधुपुर जा रही थी ट्रेन
मौके पर पहुंची रेलवे की तकनीकी टीम
सुरक्षा जांच के बाद वंदे भारत को भी किया गया रवाना














