रांची फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव को लेकर टीम तुलसी पटेल ने शनिवार को अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान टीम ने चैंबर सदस्यों से समर्थन की अपील की। इस दौरान टीम के प्रमुख तुलसी पटेल ने चुनाव को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी सामने रखीं।

व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता

तुलसी पटेल ने कहा कि राज्य में व्यापारियों और उद्यमियों के सामने कई तरह की समस्याएं हैं। टीम का प्रयास रहेगा कि इन समस्याओं का समाधान संबंधित स्तर पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय समस्याओं के साथ-साथ नगर निगम से जुड़ी परेशानियों के समाधान की दिशा में भी काम किया जाएगा।उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में विशेष रूप से काम करने की जरूरत है। इसके अलावा कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए भी संबंधित स्तर पर प्रभावी पहल की जाएगी।

सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने पर जोर

तुलसी पटेल ने कहा कि झारखंड में अधिक से अधिक निवेश आए, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उद्योग नीति को सरल बनाने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि निवेशकों और उद्योग जगत को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

पूर्व अध्यक्षों ने टीम का किया समर्थन

पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल में चैंबर को आगे बढ़ाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्य सरकार के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करेंगे। चैंबर का नेतृत्व ऐसा होना चाहिए, जो सरकार और व्यापारियों के बीच सेतु की भूमिका निभा सके।पूर्व अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया ने कहा कि इस बार भी चैंबर को एक मजबूत टीम देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीम तुलसी पटेल के सदस्य चैंबर को आगे ले जाने में सक्षम हैं और उन्हें कई पूर्व अध्यक्षों का समर्थन प्राप्त है।वहीं, पूर्व अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल को चैंबर सदस्यों का समर्थन मिल रहा है। व्यापारियों की इच्छा है कि इस बार टीम तुलसी चैंबर का नेतृत्व करे।

टीम तुलसी पटेल के प्रत्याशी

टीम की ओर से घोषित प्रत्याशियों में तुलसी पटेल, अमित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अरुण भरतीया, आदित्य शाह, ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मोनिका गोयनका, नवीन जैन, नवजोत अलंग, प्रकाश कुमार अग्रवाल समोता, पूजा ढाढा, राहुल साबू, राम बांगड़, रोहित अग्रवाल, रोहित पोद्दार, साहित्य पवन, शैलेश अग्रवाल, संजय अखौरी, तनप्रिंस सिंह कोहली, विकास मोदी, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया, नवल जीत गांधी, गौरव अग्रवाल, रौनक जैन, विनीत गाड़ोदिया, मनमोहन मोहता, उत्सव परासर, गौतम शाही और अतुल अग्रवाल शामिल हैं।