नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में दो डायरेक्टर और एक जॉइंट डायरेक्टर की नियुक्ति की है। NTA लंबे समय से NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी अन्य चिंताओं को लेकर सवालों के घेरे में रही है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से 27 अगस्त को जारी अलग-अलग आदेशों के मुताबिक, रवि कुमार सिंह और प्रसन्ना वेंकटेश वी को NTA में डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।

IRS अमित समदरिया बने जॉइंट डायरेक्टर

कार्मिक मंत्रालय के एक अन्य आदेश के अनुसार, 2016 बैच के इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) अधिकारी अमित समदरिया को NTA में जॉइंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। वह कस्टम्स और इनडायरेक्ट टैक्सेस कैडर से संबंधित हैं।

तीन हफ्ते के भीतर संभालना होगा पद

तीनों नियुक्ति आदेशों में कार्मिक मंत्रालय के सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम से जुड़े सर्कुलर का हवाला दिया गया है। इसके मुताबिक, नियुक्त अधिकारियों को आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर नया पदभार संभालना होगा। ऐसा नहीं करने पर उन्हें सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत डिबार करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

IPS रवि कुमार सिंह कौन हैं?

रवि कुमार सिंह 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। वह अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर से आते हैं। UPSC सिविल सेवा परीक्षा के जरिए चयनित रवि कुमार सिंह ने NTA में नियुक्ति से पहले दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) में DCP के पद पर काम किया है।

उन्होंने सितंबर 2012 में IPS की सेवा ज्वाइन की थी और उन्हें करीब 14 वर्षों का प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा अनुभव है।

IAS प्रसन्ना वेंकटेश वी कौन हैं?

प्रसन्ना वेंकटेश वी 2012 बैच के आंध्र प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने तमिलनाडु एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी से कृषि विषय में स्नातक की पढ़ाई की है।

अपने प्रशासनिक करियर के दौरान वह एलुरु के जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, विजयवाड़ा के नगर आयुक्त और कुरनूल के संयुक्त कलेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं।