जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 59 किलो गांजा के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक में देर रात चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान हुई।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्लान-बी के तहत रात दो बजे से चार बजे तक लिट्टी चौक पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान करीब 2 बजकर 25 मिनट पर एग्रिको गोलचक्कर की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी।पुलिस की चेकिंग देखकर बाइक सवार चेकिंग स्थल से पहले ही बाइक घुमाकर भागने लगे। पुलिस जवानों ने जब उनका पीछा किया तो उसी दिशा में एक सफेद रंग की बोलेरो भी भागने लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों ओर से घेराबंदी कर बोलेरो और बाइक सवारों को रोक लिया।भागने की कोशिश कर रहे छह लोगों को सशस्त्र बल के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बोलेरो में गांजा रखा हुआ था, जिसे वे ओडिशा से लाकर जमशेदपुर के खुदरा कारोबारियों को बेचते थे।इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में बोलेरो की तलाशी ली गई, जहां से करीब 59 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजे के अलावा एक सफेद बोलेरो, एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल, तीन हजार रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार राव उर्फ अप्पा, मोतीलाल तांती उर्फ सूरज, गणेश निषाद, संतोष कुमार, लालचंद दास और राकेश प्रधान के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजू कुमार राव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ चोरी, मारपीट, उत्पाद अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पूर्व से केस दर्ज रहे हैं।फिलहाल सिदगोड़ा थाना में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ओडिशा से गांजा लाकर जमशेदपुर में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।