साहिबगंज राधानगर में ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी, दीवार में सेंध लगाकर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े चोर
साहिबगंज जिले के उधवा
स्थित पाकीजा मोड़ में चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर सोने और चांदी
के जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने दुकान की पक्की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और
डबल लॉक वाली लोहे की अलमारी का ताला तोड़कर कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना राधानगर थाना
क्षेत्र के पाकीजा मोड़ स्थित विष्णु स्वर्णकार की ज्वेलरी दुकान की है। जानकारी
के अनुसार, अज्ञात चोरों ने रात
के अंधेरे में दुकान की पक्की दीवार से करीब चार ईंटें काटकर अंदर घुसने का रास्ता
बनाया। इसके बाद चोरों ने दुकान में रखी मजबूत लोहे की अलमारी का ताला तोड़ दिया। पीड़ित दुकानदार के
अनुसार, अलमारी में रखे करीब 300 ग्राम चांदी और तीन आने सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। चोरी
के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। सोमवार सुबह जब दुकान
संचालक विष्णु स्वर्णकार रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर
उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी का ताला टूटा हुआ था और दीवार
में सेंध लगाई गई थी। इसके बाद तत्काल राधानगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना
प्रभारी अमर कुमार मिंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस
दुकान और आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। राजमहल थाना प्रभारी हसनैन
अंसारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। घटना के बाद स्थानीय
व्यवसायियों में आक्रोश है। दुकानदारों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने, चोरी में शामिल अपराधियों को जल्द
गिरफ्तार करने और चोरी हुए जेवरात बरामद करने की मांग की है।














