बोकारो के चंदनकियारी में बड़ी चोरी सीमेंट दुकान से 5.45 लाख रुपये गायब, CCTV में कैद हुई वारदात
बोकारो के चंदनकियारी
थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सीमेंट दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 5
लाख 45 हजार रुपये की चोरी कर ली। चोरी की पूरी
वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की
पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। चंदनकियारी-पुरुलिया
रोड स्थित सुलोचना इंटरप्राइजेज नामक सीमेंट दुकान में रविवार देर रात
चोरी की घटना हुई। जानकारी के अनुसार, बदमाश छत के रास्ते सीढ़ी रूम तक पहुंचे। वहां खिड़की में
सजाकर रखी ईंटों को हटाने के बाद चोर दुकान के अंदर दाखिल हुए। दुकान के अंदर घुसने
के बाद बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब 5
लाख रुपये निकाल लिए। इसके
अलावा गल्ले का ताला तोड़कर करीब 45 हजार रुपये भी चोरी कर लिए। इस
तरह चोर कुल करीब 5 लाख 45 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब दुकान
मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो काउंटर और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने
पर वहां रखे रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल चंदनकियारी थाना पुलिस को
घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना
प्रभारी अमित कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और
पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि CCTV में
चोर की गतिविधियां कैद हुई हैं, हालांकि
उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। दुकान मालिक के अनुसार,
दो दिनों से बैंक बंद रहने के कारण
गल्ले में 45 हजार
रुपये और अलमारी में 5 लाख
रुपये रखे गए थे। चोरी की घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। चंदनकियारी चौक जैसे
व्यस्त इलाके में चोरी की इतनी बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े
कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि दुकान मालिक की लिखित शिकायत के आधार पर मामले की
जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का उद्भेदन करने का प्रयास किया जाएगा।














